जम्मू-कश्मीर में ऐसा क्या हुआ जिसके बाद पुलिस और सेना के जवान आ गए आमने-सामने

24 जून को जम्मू-कश्मीर में सेना और स्थानीय पुलिस के जवानों बीच एक कथित झड़प का मामला सामने आया है.
दरअसल ये मामला किश्तवाड़ ज़िले में सामने आया है जहां ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने पुलिस की मदद से सेना के एक अधिकारी की सरकारी टोयोटा हाईलेक्स एसयूवी ज़ब्त कर ली थी.
बुधवार को ही यह विवाद इतना बढ़ा कि सेना और स्थानीय पुलिस के बीच झड़प की स्थिति देखने को मिली और स्थानीय पुलिस ने सेना के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की.
वहीं दूसरी तरफ़ सेना ने बयान जारी करके कहा है कि इस मामले की जांच की जा रही है.
क्या है पूरा मामला

दरअसल सेना के एक अधिकारी की सरकारी एसयूवी, किश्तवाड़ के असिस्टेंट रीज़नल ट्रांसपोर्ट ऑफ़िसर तस्लीम वानी ने पुलिसकर्मियों की मदद से ज़ब्त की थी. इसके बाद गाड़ी को अठोली पुलिस स्टेशन ले जाया गया और यहीं कथित झड़प हुई.
एक सूत्र ने बताया कि 17 राष्ट्रीय राइफ़ल्स के मेजर विकास शर्मा, एक अन्य सैनिक और एक बच्चे के साथ एसयूवी में यात्रा कर रहे थे, तभी पाडर में उन्हें रोका गया.
सूत्र ने दावा किया है, “कार को ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से ज़ब्त किया गया, जबकि उसके सभी काग़ज़ात मौजूद थे.”
तस्लीम वानी कथित तौर पर अपनी कार्रवाई का कारण नहीं बता पाए. फ़ोन पर पूछे जाने पर वानी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, “मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता.”
