IAS परी बिश्नोई का ऑन-फील्ड एक्शन: सिलीगुड़ी-गंगटोक नेशनल हाईवे-10 खुलवाने के लिए झोंकी पूरी ताकत!

IAS परी बिश्नोई सिक्किम के पाक्योंग की जिला कलेक्टर हैं. यहां भारी भूस्खलन के बीच बंद पड़े नेशनल हाईवे-10 को खुलवाने के लिए खुद मैदान में उतरी हैं. जानिए क्या है उनका मेगा प्लान.
IAS Pari Bishnoi: भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2020 बैच की आईएएस परी बिश्नोई इन दिनों एक बड़ी चुनौती से लोहा ले रही हैं. वर्तमान में सिक्किम कैडर के पाक्योंग जिले की जिला कलेक्टर के रूप में तैनात परी बिश्नोई से इस वक्त न केवल पाक्योंग, बल्कि पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से लेकर सिक्किम की राजधानी गंगटोक तक के लोगों को ढेरों उम्मीदें हैं. वजह है पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ा नेशनल हाईवे-10. इस लाइफलाइन को दोबारा सुचारू करने के लिए परी बिश्नोई और उनकी टीम दिन-रात एक कर रही है. उन्होंने पूरी ताकत झोंकी रखी है.
ज़िला कलेक्टर ने भानु टर्निंग के पास भूस्खलन वाली जगह का निरीक्षण किया
पाक्योंग की ज़िला कलेक्टर परी बिश्नोई की अगुवाई में एक निरीक्षण टीम ने 23 जुलाई को पाक्योंग में भानु टर्निंग के पास कई जगहों पर भूस्खलन से प्रभावित इलाके और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान, टीम को बताया गया कि मलबे के जमा होने से पुलिया से होकर बहने वाला पहाड़ी पानी रुक गया था, जिससे पानी सड़क और आस-पास की निजी संपत्तियों पर बहने लगा और प्रभावित इलाके को और नुकसान पहुंचा.

IAS परी बिश्नोई ने प्रभावित ढलान, सुरक्षात्मक ढांचों और आस-पास के इलाकों की स्थिति का जायज़ा लिया. उन्होंने ढलान के धंसने के कारण, नुकसान के दायरे, पानी की आपूर्ति की समस्याओं, जल निकासी की मौजूदा व्यवस्था, आपातकालीन बचाव उपायों और संबंधित एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली.
सिलीगुड़ी से गंगटोक की रफ्तार क्यों थमी है?
NDTV से खास बातचीत में आईएएस परी बिश्नोई ने बताया कि पाक्योंग जिले से होकर गुजरने वाला नेशनल हाईवे 10, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी को सिक्किम के गंगटोक से जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य मार्ग है. इन दिनों भीषण मॉनसून की वजह से पाक्योंग के बरदांग क्षेत्र में लगातार खतरनाक भूस्खलन हो रहा है. आलम यह है कि मलबे के कारण NH-10 पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह ब्लॉक है. शुरुआत में पाक्योंग जिला प्रशासन ने रास्ता साफ भी कराया था, लेकिन दोबारा हुए भूस्खलन ने समस्या को और बढ़ा दिया है.
